दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 19 जुलाई: देशभर में बार-बार हो रहे पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “छात्रों की गूंज – छात्र संविधान संवाद” के अंतर्गत चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एनएसयूआई द्वारा छात्र संवाद का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और एआईसीसी सचिव चेतन चौहान शामिल हुए। उन्होंने छात्रों की परेशानियां सुनीं और केंद्र सरकार को बेरोजगारी, परीक्षा में धांधली और भर्तियों में पारदर्शिता की कमी पर घेरा।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आज देश का नौजवान अपने कल को लेकर सबसे ज्यादा चिंतित है। लगातार पेपर लीक और भर्ती घोटालों की वजह से लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत बेकार जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक ले जाएगी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी।
चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि पेपर लीक महज एक परीक्षा का मसला नहीं है। यह करोड़ों युवाओं के भरोसे पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार न तो पर्याप्त रोजगार दे पा रही है और न ही भर्ती प्रक्रिया को साफ-सुथरा रख पा रही है। शिक्षा, रोजगार और बराबरी के मौके हर युवा का संवैधानिक हक हैं और कांग्रेस इसकी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि पेपर लीक अब एक राष्ट्रीय समस्या बन चुका है और इसका स्थायी निदान निकालना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की संख्या लगातार घट रही है और जो विज्ञापन आते भी हैं, वे भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के कारण अटक जाते हैं।
एआईसी सचिव चेतन चौहान ने मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष और तय समय में जांच हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले। साथ ही भर्ती में पूरी पारदर्शिता लाकर युवाओं को समय पर नौकरी देने के लिए एक ठोस नीति बनाई जाए।
संवाद के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी, भर्तियों में देरी और रोजगार के घटते अवसरों का मुद्दा उठाया। छात्रों ने कहा कि परीक्षाओं के बार-बार रद्द होने और नौकरियों की कमी से युवा वर्ग में निराशा बढ़ती जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र नेता राहुल चौहान अपने समर्थकों के साथ एनएसयूआई में शामिल हुए। कांग्रेस और एनएसयूआई के नेताओं ने उनका स्वागत किया।