दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 23 जुलाई: पंजाब में चुनावी सरगर्मी के बीच सियासी दलों के साथ-साथ मनोरंजन जगत के लोग भी मैदान में उतर रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाबी फिल्मों के जाने-माने कलाकार रब्बी कंडोला ने गुरुवार को सांसद अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले दल अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ का दामन थाम लिया।
चंडीगढ़ में हुए सदस्यता कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने रब्बी कंडोला को पार्टी में शामिल करवाया। इस मौके पर अयाली ने कहा कि रब्बी के आने से संगठन को नई ताकत मिलेगी। उनके अनुसार कलाकार की पहचान और लोकप्रियता पार्टी के विचारों को आम जनता, खासकर युवाओं तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब और नौजवानों से जुड़े मुद्दों को उठाने में रब्बी का योगदान अहम रहेगा।
सदस्यता लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए रब्बी कंडोला ने बताया कि वे पार्टी की सोच और पंजाब के हितों के लिए हो रहे प्रयासों से प्रभावित होकर इस दल से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ‘वारिस पंजाब दे’ पंजाबी भाषा के संरक्षण और उसे बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही राज्य के लोगों के अधिकारों और पंजाब से जुड़े मसलों को यह पार्टी मजबूती से उठाती है। इसी कारण उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखने का फैसला किया।
फिल्म इंडस्ट्री में रब्बी कंडोला का नाम काफी लोकप्रिय है। उन्होंने कई चर्चित पंजाबी फिल्मों में काम किया है और दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। अब लंबे समय तक सिनेमा में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होने के बीच रब्बी का पार्टी में आना ‘वारिस पंजाब दे’ के लिए एक अहम कदम है। इससे पार्टी को सामाजिक स्तर पर और युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
इस अवसर पर फरीदकोट से सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी मौजूद रहे। वहीं खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करें और इसे हर गांव तक पहुंचाएं।