कांग्रेस सांसदों ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

दैनिक खबरनामा। नई दिल्ली, 28 जुलाई : पंजाब कांग्रेस के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बरनाला में प्रदर्शन कर रहे अनुसूचित जाति समुदाय के सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग किया, जिसमें लाठीचार्ज भी शामिल था। कांग्रेस सांसदों का आरोप है कि इस कार्रवाई में कई सफाई कर्मचारी घायल हुए।

प्रतिनिधिमंडल में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सांसद डॉ. अमर सिंह, डॉ. धर्मवीर गांधी और गुरजीत सिंह औजला शामिल थे। सांसदों ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की शिकायतें सुनने और उनका समाधान निकालने के बजाय जिला प्रशासन और पुलिस ने बल प्रयोग का रास्ता अपनाया।

इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पुलिस कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पुलिस गृह विभाग के अधीन कार्य करती है और गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए इस घटना की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री की बनती है।

वड़िंग ने सफाई कर्मचारियों को “भगवान के बंदे” बताते हुए कहा कि यही कर्मचारी समाज में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस सांसदों ने आयोग से अनुरोध किया कि वह अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए मामले की जांच कराए, पंजाब सरकार और बरनाला जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब करे तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए प्रभावित सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने कानून के अनुसार जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए उचित कदम उठाएगा।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि बरनाला की घटना की पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री भगवंत मान की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बरगाड़ी गोलीकांड में तत्कालीन सरकार को जवाबदेह ठहराया गया था, उसी प्रकार मुख्यमंत्री और गृह मंत्री होने के नाते भगवंत मान भी इस पुलिस कार्रवाई के लिए जवाबदेह हैं।

वड़िंग ने यह भी घोषणा की कि पंजाब कांग्रेस इस मामले को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में भी उठाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

इशिता बतिश का डबल गोल्डन कमाल, एम.टेक अर्बन प्लानिंग में फिर बनीं यूनिवर्सिटी टॉपर

दैनिक खबरनामा/ब्यूरो/मोहाली/ 06 जून 2026: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू), अमृतसर की…
Share to :

मंडी नगर निगम चुनाव में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस को बड़ा झटका

दैनिक खबरनामा। मंडी 31 मई : मंडी नगर निगम चुनाव के नतीजों…
Share to :

अभिभावकों को बड़ी राहत: पंजाब में निजी स्कूल अब सालाना 5% से अधिक नहीं बढ़ा सकेंगे फीस

दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 3 जून 2026: पंजाब सरकार ने निजी स्कूलों द्वारा…
Share to :

अंब साहिब गुरुद्वारा जमीन रजिस्ट्री मामला मैनेजर पर फर्जीवाड़े के आरोप, SGPC ने शुरू की कार्रवाई

पंजाब 4 फरवरी 2026 ( दैनिक खबरनामा) पंजाब मोहाली जिले के प्रसिद्ध…
Share to :