दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 6 अगस्त: जम्मू-कश्मीर में बुधवार शाम हुए एक विरोध-प्रदर्शन के दौरान पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ श्रीनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद एक अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की के दौरान इल्तिजा ने उन्हें दांतों से काट लिया, जिससे अधिकारी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार यह घटना चार अगस्त की शाम एसके पार्क के पास हुई। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के नेतृत्व में यहां प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को दरकिनार करते हुए रेजीडेंसी रोड को जाम करने और लाल चौक की तरफ मार्च करने की कोशिश की।
श्रीनगर पुलिस का कहना है कि मौके पर तैनात पुरुष और महिला जवानों ने भीड़ को बार-बार शांत रहने और कानून का पालन करने की हिदायत दी। बावजूद इसके एक समूह ने बैरिकेड हटाने और कानून-व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को रोकने का प्रयास किया।
इसी अफरा-तफरी में इल्तिजा मुफ्ती और एक ड्यूटीरत अधिकारी के बीच कहा-सुनी और हाथापाई हो गई। पुलिस के मुताबिक इल्तिजा ने अधिकारी की बांह को पकड़कर काट लिया, जिसके कारण गहरा जख्म बन गया और खून बहने लगा। घायल कर्मी को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने घाव की मरहम-पट्टी के साथ-साथ टिटनेस का टीका और अन्य जरूरी उपचार दिया।
इस पूरे घटनाक्रम को सरकारी काम में बाधा और ड्यूटी पर तैनात कर्मी पर हमला मानते हुए कोठीबाग थाने में FIR संख्या 63/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच के सिलसिले में इल्तिजा मुफ्ती को शुक्रवार को कोठीबाग थाने में उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच में जो भी लोग सरकारी कर्मचारियों से झड़प या सरकारी कार्य में रुकावट डालने में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक इल्तिजा मुफ्ती या पीडीपी की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।