दैनिक खबरनामा। जम्मू , 9 अगस्त : शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के काफिले में शामिल एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बिहार के 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा जम्मू के बाहरी इलाके गंग्याल में शनिवार रात करीब 9:05 बजे हुआ। हादसे के वक्त उपमुख्यमंत्री को उनके आवास पर छोड़कर काफिला वापस लौट रहा था।
मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी भारत कापर के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, भारत कापर इलाके की एक दुकान में काम करते थे। शनिवार रात वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन से नीचे उतरा और घायल भारत कापर को सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारत कापर को टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री के काफिले का हिस्सा थी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की सटीक परिस्थितियों और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
काफिले की आवाजाही और सड़क सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे के बाद देर रात शहरी इलाकों में वीआईपी काफिलों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि व्यस्त सड़कों पर तेज रफ्तार काफिलों की आवाजाही के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सावधानियां बरती जा रही हैं या नहीं।