दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 18 अगस्त: अमृतसर के राकेश त्रेहन, जिन्हें लोग “राजा दी किंग” के नाम से जानते हैं, आज चंडीगढ़ में अनोखा “पेट्रोल लंगर” लगाने वाले थे। लेकिन मौसम ने योजना पर पानी फेर दिया। लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा।
सेक्टर-10 और सेक्टर-7 में स्थित पेट्रोल पंपों के बाहर आज यह लंगर आयोजित होना था। यह पहला मौका था जब कोई व्यक्ति इस तरह लोगों को मुफ्त पेट्रोल बांटने की पहल कर रहा था।
बारिश को देखते हुए राजा दी किंग ने एक वीडियो जारी कर लोगों से खेद जताया। उन्होंने कहा, “जय माता दी। आज 18 अगस्त 2026 को पेट्रोल लंगर होना था। शायद इंद्र देव भी इस नेक काम से प्रसन्न हैं, तभी इतनी बरसात हो रही है। मैं नहीं चाहता कि भीगने की वजह से किसी की तबीयत खराब हो। इसलिए आज का आयोजन टाल रहा हूं।”
उन्होंने आगे बताया कि अब यह लंगर शुक्रवार, 21 अगस्त को उसी स्थान और उसी समय पर लगाया जाएगा। जिन लोगों ने अब तक टोकन नहीं लिया है, वे आकर ले सकते हैं। 21 अगस्त को मिलने वाला पेट्रोल कूपन लगातार तीन दिन तक चलेंगे — शुक्रवार, शनिवार और रविवार।
वीडियो के अंत में राकेश त्रेहन ने हाथ जोड़कर सभी से माफी मांगी और कहा कि असुविधा के लिए वह क्षमाप्रार्थी हैं।