दैनिक खबरनामा | अमृतसर, 25 नवंबर 2026.
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में दो दिवसीय ‘अमृतसर 450’ अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव शुरू, शहर के अगले 25 वर्षों के विकास का विजन तैयार करने पर मंथन
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में श्री अमृतसर साहिब के 450वें स्थापना वर्ष को समर्पित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव ‘अमृतसर 450’ बुधवार को शुरू हुआ। ‘अतीत का स्मरण, वर्तमान की समझ और भविष्य की कल्पना’ विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि अमृतसर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए शहर की 450 वर्षों की यात्रा को भविष्य के विकास की दिशा से जोड़ना जरूरी है।
कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सिख गुरुओं की शिक्षाओं ने मानवता, समानता, सेवा और बलिदान की महान परंपरा स्थापित की है, जिसने पंजाब को विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। लंगर की परंपरा और साहिबजादों की शहादत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब का इतिहास साहस, दृढ़ विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के रुझान पर चिंता जताते हुए सरकार, शिक्षण संस्थानों और समाज से मिलकर इस चुनौती से निपटने का आह्वान किया।
कटारिया ने कहा कि पंजाब को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा, अनुसंधान, कृषि और औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में नई पहल करनी चाहिए। कृषि विविधीकरण, खाद्य प्रसंस्करण, जल संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा, पर्यावरण सुरक्षा और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अमृतसर का 450वां स्थापना वर्ष केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्तमान चुनौतियों को समझकर पंजाब के भविष्य के लिए दूरदर्शी विकास दृष्टिकोण तैयार करने का भी अवसर है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने कहा कि अमृतसर की 450वीं वर्षगांठ आने वाली पीढ़ियों के लिए शहर के बेहतर भविष्य की रूपरेखा तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने अमृतसर के अगले 25 वर्षों के विकास के लिए ‘अमृतसर 2052 विजन डॉक्यूमेंट’ तैयार करने, शहर की विरासत और बुजुर्गों की यादों को संरक्षित करने के लिए 450 वीडियो के माध्यम से मौखिक इतिहास का डिजिटल संग्रह बनाने तथा शिक्षा को कौशल एवं रोजगार से जोड़ने जैसी पहल शुरू की हैं।
विशेष अतिथि तरनजीत सिंह संधू ने अमृतसर की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को विकास के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रामदास जी द्वारा 1577 में बसाया गया अमृतसर सदियों से आध्यात्मिकता, शिक्षा और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। शहर के भविष्य के विकास के लिए विरासती इमारतों, पुराने मोहल्लों और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण, शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार तथा पर्यटन को आर्थिक विकास से जोड़ना जरूरी है।
प्रो. (डॉ.) गुरिंदर सिंह मान ने सिख इतिहास लेखन पर विचार साझा करते हुए कहा कि सिख इतिहास को समझने के लिए पश्चिमी दृष्टिकोण और पद्धतियों की नकल करने के बजाय अपनी बाणी, विचारधारा और ऐतिहासिक स्रोतों पर आधारित मौलिक दृष्टिकोण विकसित करना चाहिए।
कॉन्क्लेव के दौरान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह द्वारा पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी में लिखी पुस्तक ‘सिख धर्म: मूलभूत जानकारी’ का विमोचन किया। कुलपति ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्वानों और विशेषज्ञों ने अमृतसर की आध्यात्मिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान, भविष्य की शहरी विकास योजनाओं और सांस्कृतिक संरक्षण पर विचार साझा किए। कॉलेज प्राचार्यों की बैठक भी आयोजित की गई। दिनभर के कार्यक्रमों का समापन दशमेश ऑडिटोरियम में आयोजित लाइट एंड साउंड शो ‘दास्तान-ए-अमृतसर’ के साथ हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक मामले प्रो. हरविंदर सिंह सैनी, रजिस्ट्रार प्रो. के.एस. चाहल, सिख स्टडीज चेयर के निदेशक प्रो. अमरजीत सिंह सहित कई शिक्षाविद, विद्वान और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।