चंडीगढ़ 8 फरवरी 2026 ( जगदीश कुमार) चंडीगढ़। चंडीगढ़ में हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। भाई की मौत का बदला लेने के लिए मां-बेटे ने दोस्तों के साथ मिलकर टैक्सी चालक सुशील उर्फ साहिल का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला समेत चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि साहिल आरोपियों को पहले से जानता था। 5 फरवरी को चार आरोपी दो बाइक पर हल्लोमाजरा स्थित दीप कॉम्प्लेक्स पहुंचे और सड़क हादसे के मामले में जीरकपुर थाने ले जाने का झांसा देकर साहिल को जबरन उसकी कार से बाहर निकाला। इसके बाद आरोपी उसे जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी ले गए।प्रीत कॉलोनी में मनप्रीत उर्फ हैप्पी के घर के बाहर साहिल की डंडों, लाठियों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर हालत में आरोपी उसे डेराबस्सी सिविल अस्पताल छोड़कर फरार हो गए और झूठी जानकारी दी कि युवक सड़क पर घायल पड़ा मिला था। डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।
मृतक साहिल सेक्टर-20 में अपने भाई-भाभी के साथ रहता था। उसकी सगाई हो चुकी थी और दो महीने बाद शादी तय थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।जीरकपुर थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने जीरकपुर पुलिस को फोन कर बताया था कि वे आरोपी को पकड़कर लाए हैं, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। अस्पताल से सूचना मिलने के बावजूद जीरकपुर पुलिस नहीं पहुंची, जबकि चंडीगढ़ पुलिस ने डेराबस्सी से शव कब्जे में लेकर हत्या का केस दर्ज किया।
पुरानी रंजिश में रची साजिश पुलिस के अनुसार नवंबर 2025 में मनप्रीत के जन्मदिन की पार्टी के दौरान विवाद हुआ था। बाद में साहिल की कार की चपेट में आने से मनप्रीत की मौत हो गई थी। तभी से आरोपी बदला लेने की फिराक में थे।गिरफ्तार आरोपियों में मोहित (19), रजनीश कुमार उर्फ अड्डी उर्फ किलविश (19) और रमन सिंह उर्फ नेगी (23) शामिल हैं। तीनों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मुख्य आरोपी अनिल, उसकी मां और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।