जम्मू एंड कश्मीर 21 फरवरी 2026(दैनिक खबरनामा ) जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। उमर हेयर सौरा इलाके में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक मोबाइल बंकर अचानक नदी में गिर गया, जिससे सात जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ए/21 बटालियन का यह मोबाइल बंकर नदी किनारे ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से पूरा बंकर नदी में समा गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी में गिरे बंकर से सातों जवानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि वे घायल हो गए।
सभी घायलों को तुरंत सौरा स्थित Sher-i-Kashmir Institute of Medical Sciences (एसकेआईएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल किसी जवान की हालत गंभीर बताई नहीं गई है, लेकिन अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि नदी किनारे की जमीन धंसने या संतुलन बिगड़ने की वजह से यह दुर्घटना हुई हो सकती है।