दैनिक खबरनामा 9 मार्च 2026 पंजाब सरकार आज से शिक्षा सुधार की दिशा में एक नया कदम उठाने जा रही है। ‘मिशन समर्थ’ के अगले चरण के तहत अब स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति से जुड़ी जानकारी सीधे अभिभावकों के मोबाइल फोन पर SMS के माध्यम से भेजी जाएगी। यदि कोई बच्चा स्कूल में गैर-हाजिर रहता है, तो इसकी सूचना तुरंत माता-पिता को मिल जाएगी।इस नई व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाना है। इसके साथ ही, अब पढ़ाई भी बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार करवाई जाएगी, ताकि उनकी समझ और प्रदर्शन में सुधार हो सके।सिर्फ छात्रों पर ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की उपस्थिति पर भी नजर रखी जाएगी। अगर कोई शिक्षक छुट्टी पर रहता है या गैर-हाजिर होता है, तो इसकी जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी उपलब्ध रहेगी।
इस पहल को लागू करने के लिए आज से ‘मिशन समर्थ’ के अगले चरण की औपचारिक शुरुआत की जा रही है। इस मौके पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और कार्यक्रम प्रभारी मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहेंगे।शिक्षा विभाग का दावा है कि PARAKH 2024 सर्वे में पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। पिछले कुछ वर्षों में किए गए सुधारों के बाद अब इस नई पहल से शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीद है।