दैनिक खबरनामा 13 अप्रैल 2026 पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल बेहद गर्म हो गया है। इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आगामी दौरे को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में उनकी प्रस्तावित रैली से पहले बनाए गए हेलीपैड में कथित तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने हेलीपैड को नुकसान पहुंचाया है, ताकि राहुल गांधी की रैली को प्रभावित किया जा सके। पार्टी के मुताबिक, रविवार रात अज्ञात लोगों ने हेलीपैड में तोड़फोड़ की, जिससे कार्यक्रम की तैयारियों में बाधा आई है।
कांग्रेस ने इस घटना को लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस उम्मीदवार मोहित सेनगुप्ता ने कहा कि यह सुनियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य राहुल गांधी के कार्यक्रम को विफल करना है।वहीं, इस मामले को लेकर अब तक प्रशासन या TMC की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। चुनाव से ठीक पहले इस तरह की घटनाओं ने राज्य की सियासत को और अधिक गरमा दिया है।