दैनिक ख़बरनामा 28 अप्रैल 2026 साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 28 अप्रैल: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज लांडरां-चुन्नी मार्ग पर रसनहेड़ी स्थित बैच टाइप हॉट मिक्स प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपनाए जा रहे तरीकों की समीक्षा की।मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर राज्य में 45,000 किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि 30 जून 2026 तक यह कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया जाए, ताकि मानसून से पहले सड़कों की स्थिति बेहतर हो सके।उन्होंने जानकारी दी कि इस हॉट मिक्स प्लांट की रोजाना उत्पादन क्षमता लगभग 800 टन है। एक किलोमीटर 18 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए करीब 450 टन प्रीमिक्स सामग्री की जरूरत होती है। वर्तमान में राज्य में लगभग 100 हॉट मिक्स प्लांट पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं।हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने प्लांट संचालकों से अपील की कि वे सुबह 5 बजे से प्लांट शुरू करें, ताकि उत्पादन क्षमता को और बढ़ाया जा सके। साथ ही, खाड़ी देशों में चल रहे तनाव को देखते हुए सड़क निर्माण के लिए जरूरी बिटुमेन (लुक) की उपलब्धता रिफाइनरियों के साथ समन्वय बनाकर सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन किया जाए।
इस मौके पर विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ गगनदीप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।