दैनिक खबरनामा 30 अप्रैल 2026 दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार राजस्थान के मुंडावर क्षेत्र के नांगल उदिया निवासी 58 वर्षीय मुकेश कुमार किसी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। जब वह रेवाड़ी के पास निखरी फ्लाईओवर के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस अब आरोपी ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।