मध्य प्रदेश 31 जनवरी 2026 (दैनिक खबरनामा) मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के थाना भौती अंतर्गत चौकी खोड़ क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां एक शासकीय शिक्षक के खिलाफ दर्ज बलात्कार की एफआईआर को झूठा बताते हुए उनके पिता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है।ग्राम पाली निवासी सुरेश राय पुत्र स्वर्गीय सीताराम राय ने पुलिस अधीक्षक, शिवपुरी को सौंपे आवेदन में बताया कि उनके पुत्र चंद्रशेखर राय, जो कि शासकीय शिक्षक हैं, के विरुद्ध गुड्डी पत्नी रामवीर परिहार द्वारा चौकी खोड़ में बलात्कार का मामला दर्ज कराया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि यह एफआईआर पूरी तरह झूठी, दुर्भावनापूर्ण एवं पति के कहने पर दर्ज कराई गई है।
सुरेश राय का कहना है कि उनके पुत्र का इस कथित घटना से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। झूठे प्रकरण के कारण उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ सामाजिक और व्यावसायिक स्तर पर भारी क्षति उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गंभीर आरोप से उनके पुत्र की सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य पर गहरा असर पड़ रहा है।
आवेदन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही जांच पूरी होने तक उनके पुत्र की गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने और आरोप झूठे पाए जाने की स्थिति में एफआईआर निरस्त किए जाने की भी मांग की गई है।