दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़,  03 अगस्त 2026. पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे श्रद्धा भाव और भव्यता के साथ मनाने की तैयारी में जुटी हुई है। इसी क्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने रविवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों और आगामी आयोजनों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रमों की सफलता के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि जुलाई से नवंबर तक गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन आयोजनों का उद्देश्य गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और मानवता के लिए दिए गए संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, पंजाब विरासत एवं पर्यटन विकास बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली, संत प्रदीप दास जी, संत निर्मल दास जी, संत केवल सिंह जी, संत सतविंदर सिंह हीरा सहित विभिन्न धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के प्रमुख विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और विरासत पर आधारित संगोष्ठियां तथा कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे का संदेश फैलाने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष कीर्तन दरबार भी लगाए जा रहे हैं।

प्रकाश पर्व को यादगार बनाने के लिए राज्यभर में 650 एकड़ भूमि पर गुरु रविदास जी की स्मृति में बगीचियां विकसित की जा रही हैं। साथ ही 6 लाख 50 हजार पौधे लगाने और 6 लाख 50 हजार स्मारक ध्वज वितरित करने का अभियान भी चलाया जा रहा है। सभी जिला मुख्यालयों पर समानता के संदेश को लेकर मैराथन दौड़ तथा प्रदेशभर में साइकिल यात्राएं आयोजित करने की योजना बनाई गई है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से श्री खुरालगढ़ साहिब तक चार भव्य शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के उपरांत 9 से 11 अक्टूबर तक श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस समारोह में गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित प्रदर्शनी, कथा एवं कीर्तन दरबार, संत सम्मेलन, वाणी सम्मेलन, बेगमपुरा समागम तथा मीनार-ए-बेगमपुरा में त्रिआयामी प्रकाश एवं ध्वनि प्रदर्शन जैसे विशेष कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे।

तरुनप्रीत सिंह सौंद ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आयोजनों में पहुंचने वाली संगतों और पर्यटकों के लिए आवास, स्वच्छता, पेयजल, परिवहन, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण और स्मरणीय बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्षभर चलने वाले ये आयोजन गुरु रविदास जी की समानता, भाईचारे, करुणा और विनम्रता की शिक्षाओं को समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और प्रत्येक कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि देशभर से आने वाली संगत श्रद्धा और सम्मान के साथ इन उत्सवों में भाग ले सके।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

इशिता बतिश का डबल गोल्डन कमाल, एम.टेक अर्बन प्लानिंग में फिर बनीं यूनिवर्सिटी टॉपर

दैनिक खबरनामा/ब्यूरो/मोहाली/ 06 जून 2026: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू), अमृतसर की…
Share to :

पेपर मिल हादसा सफाई के दौरान मजदूर की दर्दनाक मौत

पंजाब 18 मार्च 2026( दैनिक खबरनामा ) पंजाब के डेराबस्सी में मंगलवार…
Share to :

अंब साहिब गुरुद्वारा जमीन रजिस्ट्री मामला मैनेजर पर फर्जीवाड़े के आरोप, SGPC ने शुरू की कार्रवाई

पंजाब 4 फरवरी 2026 ( दैनिक खबरनामा) पंजाब मोहाली जिले के प्रसिद्ध…
Share to :

अभिभावकों को बड़ी राहत: पंजाब में निजी स्कूल अब सालाना 5% से अधिक नहीं बढ़ा सकेंगे फीस

दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 3 जून 2026: पंजाब सरकार ने निजी स्कूलों द्वारा…
Share to :