दैनिक खबरनामा। शिमला, 9 जून: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि मनाली समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। शिमला में दिनभर हल्के बादल छाए रहे। मौसम में आए इस बदलाव के चलते प्रदेश के किसी भी हिस्से में लू नहीं चली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान में मंडी, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए मंगलवार को लू चलने की चेतावनी दी गई थी। बुधवार के लिए भी इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में लू की संभावना जताई गई है। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है और पिछले दिन की तुलना में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्शाता है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई। मंडी में तापमान 0.8 डिग्री बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
वहीं, न्यूनतम तापमान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मनाली में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री बढ़कर 14.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि केलंग और चंबा में भी 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और मनाली में वर्षा हुई। कई स्थानों पर बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा और कहीं भी लू की स्थिति नहीं बनी।