चंडीगढ़ 24 फरवरी 2026(दैनिक खबरनामा ) चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई। इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में सरकार के खिलाफ मार्च निकाला। सदन की कार्यवाही के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला।कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने सरकार से सवाल किया कि जांच के नाम पर कितने बुजुर्गों की पेंशन रोकी गई है। उन्होंने यह भी पूछा कि वर्ष 2024 के बाद अब तक कितनी पेंशन बंद की गई हैं और इसके लिए सरकार ने क्या पैमाना तय किया है।सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी ने जवाब देते हुए रोकी गई पेंशन के आंकड़े गिनाने शुरू किए, जिस पर कांग्रेस विधायक ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लंबा विवरण देने की जरूरत नहीं है, सिर्फ यह स्पष्ट किया जाए कि वेरिफिकेशन के नाम पर कितनी पेंशन रोकी गई हैं। इस पर मंत्री बेदी ने कहा कि तथ्यों को सामने रखना जरूरी है और विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है।मामले में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर पाप किया है। सरकार बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर उनका सम्मान कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की शिकायत मिलती है तो जांच कराना सरकार की जिम्मेदारी है। फिलहाल कोई पेंशन रोकी नहीं गई है और सभी पात्र लाभार्थियों को पेंशन जारी कर दी गई है।
वृद्धावस्था पेंशन के मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के कारण सदन का माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया।