नई दिल्ली 11 फरवरी 2026( दैनिक खबरनामा ) नई दिल्ली। लोकसभा में बजट पर चर्चा का आज दूसरा दिन रहा। चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने चीन से लेकर अमेरिका ट्रेड डील तक का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा और कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली डील “होलसेल सरेंडर” है।राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत मार्शल आर्ट के उदाहरण से करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है और इस लड़ाई के केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) है। उन्होंने कहा कि हर तरफ कहा जा रहा है कि यह युग AI का है और दुनिया तेजी से बदल रही है।राहुल गांधी के संबोधन के दौरान लोकसभा में जोरदार हंगामा भी हुआ। इसके बाद कांग्रेस सांसदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
इस बीच राहुल गांधी द्वारा एपस्टीन फाइल्स का उल्लेख करने और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम लेने पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार ने ऐलान किया है कि राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाया जाएगा। बताया गया है कि राहुल गांधी को शाम 5 बजे तक जवाब देना होगा।वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि “कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो देश बेच सके।” रिजिजू ने राहुल गांधी से उनके आरोपों के सबूत भी मांगे।इधर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी अमेरिका डील पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ट्रंप कौन होता है यह तय करने वाला कि भारत कहां से तेल खरीदेगा। ओवैसी ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सरकार को पाकिस्तान में घुसकर हाफिज सईद, मसूद अजहर और लखवी को पकड़कर लाना चाहिए।लोकसभा में बजट चर्चा के दौरान आज का दिन पूरी तरह हंगामेदार और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से भरा रहा।