दैनिक खबरनामा 25 जुलाई नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बन गया है। महज 24 घंटे के भीतर इस वीडियो ने 306 मिलियन (30.6 करोड़) से अधिक व्यूज हासिल कर एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने एक और वीडियो जारी कर देशवासियों, विशेष रूप से युवाओं और जेन-जी, का आभार व्यक्त किया।
अपने नए वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “थैंक्स फ्रेंड्स, कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मेरे वीडियो पर आपने जिस तरह प्रतिक्रियाएं दीं और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। आपका यह प्यार बना रहेगा और हमारा नाता और अधिक सक्रियता से जुड़ता रहेगा। धन्यवाद दोस्तों।”
वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, “युवाओं का धन्यवाद, जिन्होंने कल मेरा वीडियो देखा और उस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।” यह वीडियो शुक्रवार रात करीब 11 बजे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं, छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 306 मिलियन (30.6 करोड़) से अधिक बार देखा जा चुका था। बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं और सुझाव भी साझा किए।
इस वीडियो के वायरल होने का असर प्रधानमंत्री मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी देखने को मिला। वीडियो जारी होने के बाद रातोंरात उनके अकाउंट से लगभग 1 मिलियन (10 लाख) नए फॉलोअर्स जुड़ गए।
रिसर्च और आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र राजनेता हैं।
इससे पहले, लोकप्रिय यूट्यूबर आईशोस्पीड के एक इंस्टाग्राम वीडियो ने 24 घंटे में 300 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल किए थे। अब प्रधानमंत्री मोदी का वीडियो 24 घंटे में 306 मिलियन से अधिक बार देखा जाने वाला वीडियो बन गया है।
उल्लेखनीय है कि फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल के दौरान बीटीएस के साथ आईशोस्पीड की मुलाकात वाली इंस्टाग्राम रील ने भी पहले 24 घंटों में लगभग 300 मिलियन (30 करोड़) व्यूज हासिल कर सबसे अधिक देखी जाने वाली रील का रिकॉर्ड बनाया था।