हरियाणा 19 फरवरी 2026 (दैनिक खबरनामा) हरियाणा के
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को उस समय अव्यवस्था की स्थिति बन गई, जब ग्लूकोज और आईवी सेट का स्टॉक अचानक समाप्त हो गया। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी सामान बाहर मेडिकल स्टोर से खरीदकर लाना पड़ा। इसके कारण करीब सौ मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ और भागदौड़ का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, बुधवार को इमरजेंसी में करीब 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचे थे। इनमें बुखार, ब्लड प्रेशर, शुगर कम होने और चोट लगने जैसे मामलों में डॉक्टरों ने ग्लूकोज चढ़ाने की सलाह दी। लेकिन अस्पताल में ग्लूकोज और आईवी सेट उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को 200 से 400 रुपये तक खर्च कर बाहर से किट खरीदनी पड़ी।सूरजपुर निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें इलाज के लिए बाहर से आईवी सेट और ग्लूकोज लाना पड़ा, जिससे काफी परेशानी हुई। मौलीजागरां निवासी रमेश ने कहा कि बुखार के कारण इमरजेंसी में आए थे, लेकिन जरूरी सामान उपलब्ध न होने पर बाहर से खरीदना पड़ा। अभयपुर निवासी लालाराम ने बताया कि बेटे के एक्सीडेंट के बाद डॉक्टर ने ग्लूकोज लगाने को कहा, पर अस्पताल में उपलब्ध नहीं था, जिससे इमरजेंसी में आने-जाने में दिक्कत हुई। पिंजौर की मेघा ने भी शिकायत की कि दवाइयों के साथ ग्लूकोज और आईवी सेट बाहर से खरीदना पड़ा।इस संबंध में सिविल अस्पताल के पीएमओ आरएस चौहान ने कहा कि इमरजेंसी में ग्लूकोज और आईवी सेट का स्टॉक खत्म हो गया था। इसकी डिमांड स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है और जल्द ही आवश्यक दवाइयां व सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी।