दैनिक ख़बरनामा 24 अप्रैल 2026 साहिबजादा अजीत सिंह नगर, विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव बहलोलपुर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान मलेरिया रोकथाम विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई और विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया।डॉ. संगीता जैन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हर साल 25 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व मलेरिया दिवस के महत्व के बारे में जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने मलेरिया के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलने वाली एक गंभीर बीमारी है।
उन्होंने बताया कि ठंड लगना, बुखार आना, उल्टी, सिरदर्द, बुखार उतरने के बाद कमजोरी और अधिक पसीना आना इसके मुख्य लक्षण हैं। समय पर खून की जांच करवाने से मलेरिया की पुष्टि हो जाती है और इसका इलाज सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध है।
डॉ. जैन ने लोगों से अपील की कि कहीं भी पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें और मच्छरों से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। उन्होंने रात के समय मच्छरदानी और मच्छर भगाने वाली क्रीम के इस्तेमाल की भी सलाह दी।कार्यक्रम के दौरान छात्रों के सवालों के संतोषजनक जवाब भी दिए गए। अधिक जानकारी के लिए मुफ्त मेडिकल हेल्पलाइन 104 पर संपर्क करने के लिए कहा गया।इस मौके पर सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. अलकजोत कौर, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका, डॉ. किरणदीप कौर, स्कूल प्रिंसिपल यशोमति, नोडल अधिकारी डॉ. अरुण बंसल सहित स्वास्थ्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।