हिमाचल 3 जनवरी( दैनिक खबरनामा )नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांगड़ा की बिटिया पल्लवी की मौत को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए इस मामले में पुलिस और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रही लापरवाही की बातें तथाकथित “व्यवस्था परिवर्तन” वाली सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करती हैं।जयराम ठाकुर ने कहा कि यह मामला एक बेटी के न्याय से जुड़ा है, इसलिए मुख्यमंत्री को स्वयं इसका संज्ञान लेना चाहिए और उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच करवाई जानी चाहिए, ताकि सभी तथ्य सामने आ सकें और पल्लवी को न्याय मिल सके। उन्होंने पल्लवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी प्रकट कीं।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं खुद ही बेहद क्रिटिकल स्थिति में हैं। माननीय उच्च न्यायालय की टिप्पणी कि सरकार आउटसोर्स कर्मियों के भरोसे स्वास्थ्य व्यवस्था छोड़कर प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रही है, हालात की गंभीरता को साफ दर्शाती है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आए दिन स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। इलाज के अभाव में लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। जयराम ठाकुर ने रामपुर क्षेत्र के कुहल पंचायत का उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में खेत में काम करते समय खाई में गिरने से एक महिला की दुखद मृत्यु हो गई। परिजन जब उन्हें पीएचसी देवठी लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टर मौजूद नहीं था। यही स्थिति पीएचसी तकलेच में भी रही, जहां प्राथमिक उपचार तक संभव नहीं हो सका।