जयपुर 29 दिसंबर (जगदीश कुमार)जयपुर। श्री श्याम सेवा परिवार समिति (रजि.) एवं श्री राधे सेवा महिला मंडल, बैनाड़ रोड जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में श्री श्याम ताली अरदास कीर्तन एवं पौष-बड़ा दोना प्रसादी का भव्य आयोजन बालाजी मेडिकल के सामने, पवनपुरी सर्किल के पास बैनाड़ रोड पर बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
समिति के अध्यक्ष श्री नरेश पारीक ने बताया कि पौष-बड़ा कार्यक्रम राजस्थान में पौष मास (दिसंबर–जनवरी) के दौरान मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक उत्सव है। इस अवसर पर मूंग दाल के बड़े (पकौड़े) और सूजी का हलवा बनाकर देवताओं को भोग अर्पित किया जाता है, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।उन्होंने बताया कि यह प्रसाद सर्दियों में ऊर्जा प्रदान करता है और साथ ही भक्ति, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। कार्यक्रम की सफलता में श्री श्याम सेवा परिवार समिति एवं श्री राधे सेवा महिला मंडल बैनाड़ रोड जयपुर के समस्त कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन स्थल पर भक्ति भाव, अनुशासन और सेवा की भावना का विशेष वातावरण देखने को मिला