दैनिक खबरनामा | 28 अक्टूबर | दुबई। जानलेवा हमले के बावजूद 180 यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ‘फर्स्ट-क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया है। राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। मंगलवार को आयोजित मुलाकात के दौरान दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद रहे, जबकि सम्मान क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने प्रदान किया।
कॉकपिट में हमला, 17,000 फीट नीचे गिरा विमान
यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। विमान करीब 17,000 फीट नीचे गिर गया और उसकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
‘द नेशनल’ को दिए इंटरव्यू में कैप्टन ने बताया कि गंभीर चोटों और धुंधली पड़ती नजर के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। इसके बाद अन्य क्रू सदस्यों और यात्रियों ने को-पायलट को काबू किया। विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़कर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान सुरक्षित उतर गया और सभी 180 लोगों की जान बच गई।
इस्राइल भी देगा सम्मान
इतने खतरनाक अनुभव के बावजूद कैप्टन मच्छार का विमानन के प्रति लगाव बरकरार है। उन्होंने कहा, “मुझे बस इस बात की खुशी है कि मैं अपना फर्ज निभा पाया।”
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उनके साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह यूएई के उन मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनमें मानव जीवन को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है।
वहीं, इस्राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कैप्टन मच्छार को ‘नागरिक वीरता’ के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार देने की घोषणा की है। दो देशों से मिला सम्मान उनके साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पहचान बन गया है।