दैनिक खबरनामा 4 मई 2026 फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद कैदियों और हवालातियों से मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामले में जेल प्रशासन द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान विभिन्न बैरकों से 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में तीन हवालातियों और दो कैदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।जेल प्रशासन की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, जेल अधीक्षक के निर्देश पर समय-समय पर बैरकों की तलाशी ली जाती है। इसी कड़ी में रविवार रात की गई जांच के दौरान हवालाती भूपेंद्र सिंह उर्फ सोनू (मोगा), विलियम मसीह (गुरदासपुर), सुखवीर सिंह (फाजिल्का) और कैदी सुखराज सिंह (मोगा) व सागर (फिरोजपुर) के पास से 2 टचस्क्रीन और 3 कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुए।इस बरामदगी के बाद थाना सिटी पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच कर रहे जेल इन्वेस्टिगेशन सेल के इंचार्ज एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे। यदि किसी जेल कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।