दैनिक खबरनामा चंडीगढ़, 19 मई — चंडीगढ़ फोटोग्राफर्स एसोसिएशन (सी.पी.ए.) की जनरल बॉडी मीटिंग सोमवार को लायंस क्लब, सेक्टर-18, चंडीगढ़ में बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित की गई। इस अवसर पर लगभग 200 सदस्यों और फोटोग्राफी जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के कई वरिष्ठ फोटोग्राफरों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में इंडियानो स्टूडियो के श्री सुरेश शर्मा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें आर्किटेक्चर फोटोग्राफी में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सराहना प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के महासचिव श्री सुनील भट्ट ने पिछले नौ महीनों में गवर्निंग बॉडी द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सी.पी.ए. के प्रधान श्री सरोज सिंह चौहान के नेतृत्व तथा संस्थापक सदस्य एवं कोषाध्यक्ष श्री सुभाष भाटिया के सहयोग से एसोसिएशन ने बेहद कम समय में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरी तरह अपडेट किया गया है। साथ ही बैंक खाते को व्यवस्थित कर डिजिटल भुगतान सुविधा के लिए स्कैनर उपलब्ध करवाया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा स्थानीय शाखा में ज़ीरो बैलेंस खाता खोलने की सुविधा भी सदस्यों को दी गई है।
इसके अलावा एसोसिएशन ने सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाते हुए पंजाब में आई बाढ़ के दौरान राहत सहायता प्रदान की तथा छोटे साहिबजादों की शहादत को समर्पित शहीदी सप्ताह के दौरान लंगर सेवा भी आयोजित की। आने वाले महीनों में राज्य स्तरीय फोटो प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना भी साझा की गई।
इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि सी.पी.ए. के प्रधान श्री सरोज सिंह चौहान को फोटोग्राफर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ पंजाब का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है, जिसे सभी सदस्यों ने गर्व का विषय बताया।
कार्यक्रम के अंत में सी.पी.ए. के चेयरमैन श्री जय पाल सिंह गरचा ने एसोसिएशन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और एकजुटता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।