दैनिक खबरनामा चंडीगढ़ 26 मई : शहर में सोमवार को खेल और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब बहुप्रतीक्षित खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आगामी 1 जून तक चलने वाले इस आयोजन में करीब दो हजार खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सेक्टर-14 स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के व्यायामशाला सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गाजियाबाद से सांसद एवं चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी अतुल गर्ग शामिल हुए। पारंपरिक मशाल प्रज्ज्वलन के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ। पूरे सभागार में तालियों की गूंज और खिलाड़ियों के जोश ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर अतुल गर्ग ने कहा कि देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता का माध्यम मानने का आग्रह किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
खेल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रभजीत लाम्बा ने बताया कि इस खेल महोत्सव में कई खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शहर के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
आयोजन के पहले दिन खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई गई।