दैनिक खबरनामा। मंडी, 8 जून 2026: स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू होने के बाद मंडी शहर में बिजली बिल वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ताओं को बिजली बिल की हार्ड कॉपी घर पर नहीं भेजी जाएगी। बिल सीधे ऑनलाइन जारी होंगे और उपभोक्ताओं को स्वयं मोबाइल, ई-मेल, वेबसाइट या मोबाइल एप के माध्यम से बिल की जानकारी प्राप्त करनी होगी।
मंडी शहर में 19 हजार बिजली मीटरों में से अब तक लगभग 3,500 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इन स्मार्ट मीटरों से जुड़े उपभोक्ताओं के बिजली बिल उनके द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) को उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर भेजे जा रहे हैं।
हालांकि, कई उपभोक्ता अभी भी पारंपरिक तरीके से बिल घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि उनके बिल ऑनलाइन जारी हो चुके हैं। ऐसे में कई मामलों में भुगतान लंबित रहने की स्थिति बन रही है। बोर्ड के अनुसार ऑनलाइन जारी बिलों का भुगतान 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य है।
समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया तो कटेगी बिजली
विद्युत बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा निर्धारित तिथि तक बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जाएगा, उनका बिजली कनेक्शन बिना किसी अतिरिक्त सूचना के काट दिया जाएगा। कनेक्शन दोबारा जोड़ने के लिए उपभोक्ता को 250 रुपये का शुल्क देना होगा।
वेबसाइट और मोबाइल एप से डाउनलोड करें बिल
विद्युत उपमंडल-1 के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने बताया कि उपभोक्ता अपने बिजली बिल HPSEBL की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इसी प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।
मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट कराने की अपील
विद्युत बोर्ड ने सभी उपभोक्ताओं से अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी को अपडेट रखने की अपील की है। यदि किसी उपभोक्ता की संपर्क जानकारी बदल गई है, तो वह नजदीकी विद्युत कार्यालय में जाकर इसे अपडेट करवा सकता है। इससे बिजली बिल, भुगतान की अंतिम तिथि और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त होती रहेंगी।