ब्यूरो न्यूयॉर्क, 8 जून: इटली के प्रसिद्ध लग्जरी फैशन ब्रांड प्राडा ने रविवार को उस विशेष इनर-लेयर स्पेस गारमेंट का अनावरण किया, जिसे भविष्य में चंद्रमा पर जाने वाले NASA के अंतरिक्ष यात्री पहनेंगे। इस परियोजना के साथ प्राडा अंतरिक्ष उद्योग में प्रवेश करने वाला पहला बड़ा लग्जरी फैशन ब्रांड बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
यह अत्याधुनिक परिधान अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित अंतरिक्ष अवसंरचना कंपनी एक्सिओम स्पेस के सहयोग से तैयार किया गया है। शरीर से सटकर फिट होने वाले इस सूट में विशेष वेंटिलेशन ट्यूब बुनी गई हैं, जो अंतरिक्ष यात्रियों के शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करेंगी।
न्यूयॉर्क स्थित प्राडा के मैनहट्टन स्टोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कंपनी के मुख्य विपणन अधिकारी लोरेन्जो बर्तेली ने कहा कि प्राडा के पास तकनीकी विशेषज्ञता और नवाचार की व्यापक क्षमता है, जिसे अंतरिक्ष अन्वेषण जैसे क्षेत्रों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
वहीं, एक्सिओम स्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोनाथन सर्टेन ने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण से जुड़े उत्पादों के विकास के लिए कई ऐसे उद्योगों की विशेषज्ञता उपयोगी साबित हो सकती है, जो पहली नजर में इससे जुड़े हुए नहीं लगते।
2024 में भी पेश किया था स्पेससूट
प्राडा ने वर्ष 2024 में भी एक स्पेससूट पेश कर सुर्खियां बटोरी थीं। उम्मीद है कि उस स्पेससूट का उपयोग नासा के आर्टेमिस-4 मिशन के दौरान वर्ष 2028 में होने वाली संभावित चंद्रमा लैंडिंग में किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरिक्ष यात्रा लंबे समय से फैशन उद्योग के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है, लेकिन प्राडा ने केवल प्रेरणा लेने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि सीधे अंतरिक्ष उद्योग के साथ साझेदारी कर एक नया रास्ता बनाया है।
अंतरिक्ष पर्यटन पर नजर
न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस में मार्केटिंग प्रोफेसर और लग्जरी ब्रांड रणनीतिकार थोमाई सेरदारी के अनुसार, प्राडा की अंतरिक्ष क्षेत्र में दिलचस्पी के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, उन संपन्न ग्राहकों तक पहुंच बनाना जो भविष्य में अंतरिक्ष पर्यटन में रुचि ले सकते हैं, और दूसरा, ब्रांड को अत्याधुनिक तथा भविष्यवादी सोच के साथ जोड़ना।
दुनिया के कई अरबपति उद्यमी, जैसे जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजिन और एलन मस्क की स्पेसएक्स, पहले ही अमीर ग्राहकों के लिए अंतरिक्ष पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं।
लग्जरी उद्योग के लिए नई संभावनाएं
बर्नस्टीन के लग्जरी गुड्स विभाग के प्रमुख लुका सोल्का का कहना है कि अंतरिक्ष अन्वेषण और चंद्रमा पर मानव मिशनों की वापसी वैश्विक स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी। ऐसे में लग्जरी ब्रांडों के लिए प्रासंगिक और चर्चित बने रहना बेहद महत्वपूर्ण है।
प्राडा का यह कदम ऐसे समय में आया है जब वैश्विक लग्जरी वस्तु उद्योग चुनौतियों का सामना कर रहा है। दो वर्षों की सुस्ती के बाद बाजार में सुधार के संकेत दिखाई देने लगे थे, लेकिन फरवरी के अंत में शुरू हुए ईरान युद्ध ने यात्रा और लग्जरी खर्चों पर नकारात्मक प्रभाव डाला।
अन्य कंपनियां भी अंतरिक्ष क्षेत्र में सक्रिय
फैशन और परिधान उद्योग की कई अन्य कंपनियां भी अंतरिक्ष क्षेत्र में कदम रख चुकी हैं। अंडर आर्मर ने स्पेसफ्लाइट कंपनी वर्जिन गैलेक्टिक के साथ मिलकर अंतरिक्ष परिधान विकसित किए हैं, जबकि कोलंबिया स्पोर्ट्सवियर ने इंट्यूटिव मशीन्स के साथ अंतरिक्ष में उपयोग होने वाली विशेष फैब्रिक तकनीक पर काम किया है।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि प्राडा की तरह अन्य बड़े लग्जरी ब्रांड जल्दबाजी में उसकी नकल नहीं करेंगे। लग्जरी उद्योग में सबसे पहले किसी नए क्षेत्र में प्रवेश करना प्रतिष्ठा की बात माना जाता है और हर ब्रांड अपनी अलग पहचान बनाना चाहता है।
सेरदारी के अनुसार, लुई वुइटन, हर्मेस और शैनल जैसे बड़े लग्जरी ब्रांड भी अंतरिक्ष यात्रा में रुचि रखते हैं, लेकिन वे इस क्षेत्र में प्रवेश के लिए अपने अलग और अनोखे तरीके तलाशेंगे। उन्होंने कहा, “लग्जरी उद्योग का शीर्ष वर्ग कभी एक-दूसरे की सीधी नकल नहीं करता।”