दैनिक खबरनामा। जम्मू, 10 जून: यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान पुलिस ने ऐसे 280 वाहनों को जब्त किया है, जिनके पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) पहले ही यातायात एवं परिवहन विभाग द्वारा रद्द किए जा चुके थे। इसके बावजूद वाहन मालिक इन वाहनों का सड़कों पर संचालन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंप करना, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के सफर करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान जारी किए गए थे। जिन वाहनों पर पांच से अधिक चालान लंबित पाए गए और निर्धारित समय के भीतर उनका भुगतान नहीं किया गया, उनकी आरसी रद्द कर दी गई।
आरसी रद्द होने के बाद ऐसे वाहनों का सार्वजनिक सड़कों पर संचालन पूरी तरह अवैध माना जाता है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी रहने पर ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, नाकों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के दौरान आरसी रद्द पाए जाने पर वाहनों को मौके पर ही जब्त किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल लंबित चालानों की वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक न केवल अपनी, बल्कि अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डालते हैं, इसलिए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
इस बीच, यातायात आयुक्त कार्यालय ने हाल ही में करीब 3000 ऐसे वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया है, जिन पर पांच से अधिक चालान लंबित हैं। इन वाहन मालिकों द्वारा चालानों का भुगतान नहीं किए जाने के कारण उनकी आरसी समेत अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लंबित चालानों का निपटारा किए बिना वाहन मालिक इन सुविधाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय पर अपने चालानों का भुगतान करें और यातायात नियमों का पालन करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।