दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़ 18 जून : शहर के कॉलेजों में स्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों, जिनमें बीबीए, बीसीए, बीकॉम समेत सभी संकाय शामिल हैं, में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने गुरुवार को केंद्रीकृत प्रवेश (सेंट्रलाइज्ड एडमिशन) के लिए प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया। इच्छुक विद्यार्थी 18 जून शाम 5 बजे से निदेशक उच्च शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 28 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 1 जुलाई को विद्यार्थियों की पहली संभावित मेरिट सूची जारी की जाएगी। सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर छात्रों को सुधार का अवसर भी दिया जाएगा।
इस वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि चंडीगढ़ के कॉलेजों में पहली बार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण लागू किया गया है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने पंजाब विश्वविद्यालय की आरक्षण नीति से अलग व्यवस्था अपनाते हुए पीयू के आरक्षित कोटे में ओबीसी आरक्षण को शामिल किया है।
प्रॉस्पेक्टस के अनुसार अनुसूचित जाति (SC) के लिए 15 प्रतिशत आरक्षण यथावत रहेगा, जबकि स्वतंत्रता सेनानी परिवार, 1984 दंगा प्रभावित और खेल कोटा सहित अन्य आरक्षित श्रेणियों में ओबीसी वर्ग के लिए 3 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित किया गया है।
उच्चतर शिक्षा विभाग को आगामी छह वर्षों में चरणबद्ध तरीके से 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करना है, जिसकी शुरुआत इस वर्ष 3 प्रतिशत कोटे से की गई है। इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत शहर के 12 कॉलेजों में करीब 50 हजार विद्यार्थियों के दाखिले होने हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय सेवा नियम लागू होने के बाद पहली बार उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए प्रॉस्पेक्टस में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का संदेश शामिल नहीं किया गया है।