दैनिक खबरनामा । शिमला, 18 जून : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश उपाध्यक्षों और महासचिवों को जिलावार जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देश पर कांग्रेस महासचिव (संगठन) विनोद जिंटा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
जारी सूची के अनुसार, कांग्रेस उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा को कांगड़ा जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, महासचिव विवेक कुमार को कांगड़ा जोन के तहत देहरा, कांगड़ा, जसवां-परागपुर, ज्वालामुखी और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नूरपुर जोन का दायित्व महासचिव अमित भरमौरी को दिया गया है, जबकि यशवंत खन्ना को पालमपुर जोन का प्रभारी बनाया गया है।
मंडी जिले का प्रभार कांग्रेस उपाध्यक्ष बंबर ठाकुर को सौंपा गया है। महासचिव रणजीत सिंह राणा मंडी जोन और देवेंद्र जग्गी धर्मपुर जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
चंबा जिले की जिम्मेदारी कांग्रेस उपाध्यक्ष कर्ण पठानिया को दी गई है। महासचिव मनमोहन कटोच को चंबा और डलहौजी विधानसभा क्षेत्रों का दायित्व मिला है, जबकि बलविंदर बबलू भरमौर, चुराह और भटियात क्षेत्रों की देखरेख करेंगे।
इसके अलावा, हमीरपुर जिले का प्रभार जीवन ठाकुर, ऊना का चंद्र प्रभा नेगी, बिलासपुर का परस राम, किन्नौर का चेत राम ठाकुर, लाहौल-स्पीति का प्रकाश चौधरी तथा सिरमौर का रजनीश किमटा को सौंपा गया है। इनके साथ संबंधित महासचिवों को भी विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार जिम्मेदारियां दी गई हैं।
शिमला जिले की जिम्मेदारी चेतराम ठाकुर को दी गई है। महासचिव सत्यजीत नेगी शिमला शहरी, शिमला ग्रामीण और कुसुम्पटी क्षेत्र की निगरानी करेंगे, जबकि रमेश ठाकुर महासू जोन के विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार संभालेंगे।
सोलन जिले में उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान को जिला प्रभारी बनाया गया है। महासचिव चंद्रशेखर शर्मा को दून जोन तथा अनिता वर्मा को सोलन जोन का दायित्व सौंपा गया है। कुल्लू जिले का प्रभार प्रकाश चौधरी और महासचिव दीपक शर्मा को दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस ने विभिन्न अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की हैं। यदोपति ठाकुर को कांग्रेस सेवादल, सुरेंद्र मनकोटिया को प्रशिक्षण विभाग, हरिकृष्ण हिमराल को मीडिया विभाग तथा यशपाल तनाईक को अनुसूचित जाति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा महेंद्र स्तान को किसान कांग्रेस, उपेंद्र कांत मिश्रा को एनएसयूआई तथा ज्योति खन्ना और सोनिया चौहान को महिला कांग्रेस का दायित्व दिया गया है।