दैनिक खबरनामा। शिमला, 21 जून : सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी विद्युत कंपनी एसजेवीएन ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को अपने कॉरपोरेट मुख्यालय शिमला सहित भारत और नेपाल स्थित सभी कार्यालयों एवं परियोजनाओं में उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस अवसर पर कर्मचारियों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेन्द्र गुप्ता ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक सजगता, आंतरिक सामंजस्य और समग्र कल्याण को भी बढ़ावा देता है।
हिमाचल प्रदेश स्थित 412 मेगावाट रामपुर जलविद्युत स्टेशन में आयोजित विशेष योग सत्र का शुभारंभ निदेशक (कार्मिक) श्री अजय कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने स्वयं भी योगाभ्यास में भाग लिया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख (रामपुर एचपीएस) श्री विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख (लूहरी-1 एचईपी) श्री विवेक शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी योग सत्र में सक्रिय सहभागिता की।
नई दिल्ली स्थित एसजेवीएन के सम्पर्क कार्यालय में निदेशक (वित्त) श्री पार्थजीत डे ने योग सत्र का उद्घाटन किया और वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। वहीं, निगम मुख्यालय शिमला में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक (परियोजनाएं) श्री राजेश कुमार चंदेल ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रही, जिसका उद्देश्य शारीरिक सुदृढ़ता, लचीलापन, स्फूर्ति और मानसिक दृढ़ता को बढ़ावा देना है, ताकि लोग बढ़ती आयु में भी स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन व्यतीत कर सकें। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
एसजेवीएन के विभिन्न कार्यालयों और परियोजनाओं में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने संगठन की स्वास्थ्य, कल्याण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया। कंपनी ने इस अवसर पर कार्यबल और सेवा-क्षेत्र की समुदायों के बीच योग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रसारित करने का संकल्प भी दोहराया।