दैनिक खबरनामा । मोहाली, 26 जून : पंजाब के मोहाली जिले के नयागांव क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पुल के समीप दो युवकों पर अज्ञात व्यक्तियों ने हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए पीजीआई ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ितों की पहचान कर ली गई है। घायल करण ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी हरप्रीत गंभीर रूप से घायल है और ट्रॉमा सेंटर में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।