दैनिक खबरनामा । श्रीनगर, 2 जुलाई: लद्दाख एपेक्स बॉडी (एलएबी) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के आह्वान पर 23 जून को लद्दाख बंद के बाद केंद्र सरकार ने क्षेत्र के प्रतिनिधियों से बातचीत तेज कर दी है। गृह मंत्रालय की अनौपचारिक उप-समिति की बैठक आज, 2 जुलाई को लेह में होगी। बंद का आयोजन 22 मई को हुई बैठक में बनी सहमति से केंद्र के कथित तौर पर मुकरने के विरोध में किया गया था।

एलएबी के सह-अध्यक्ष त्सेरिंग दोरजे ने जानकारी दी कि गृह मंत्रालय ने 2 जुलाई को लेह में अनौपचारिक चर्चा के लिए न्योता भेजा है। बातचीत शुरू होने के बाद यह पहला मौका होगा जब गृह मंत्रालय का दल सीधे लद्दाख जाकर स्थानीय नेताओं से संवाद करेगा।

दोरजे ने बताया कि बैठक का कोई औपचारिक एजेंडा फिलहाल तय नहीं है, लेकिन बातचीत 22 मई को नई दिल्ली में हुई उप-समिति की बैठक में बने सहमति बिंदुओं पर केंद्रित रहेगी। एलएबी उन समझौतों को जमीन पर उतारने की मांग प्रमुखता से रखेगा।

बैठक के मुख्य मुद्दे

दोरजे के मुताबिक, एलएबी संविधान के अनुच्छेद 371 ए, जी और एफ के तहत लद्दाख के लिए विशेष संवैधानिक सुरक्षा की मांग करेगा। इसके साथ ही क्षेत्र के लिए विधायी, प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों वाले लोकतांत्रिक ढांचे तथा मुख्यमंत्री की अगुवाई में कार्यकारी निकाय के गठन पर जोर दिया जाएगा।

एलएबी ने एक नई केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय निर्वाचित संस्था का मसौदा भी तैयार किया है। इस प्रस्तावित निकाय के पास विधायी, वित्तीय और कार्यकारी शक्तियां होंगी और इसमें संवैधानिक सुरक्षा के प्रावधान शामिल हैं।

यह मसौदा पहले केडीए के साथ साझा किया जाएगा। केडीए का भी अपना अलग प्रस्ताव है। दोनों संगठन मिलकर एक साझा प्रस्ताव तैयार कर गृह मंत्रालय को देंगे।

सांसद भी रहेंगे मौजूद

एलएबी और केडीए ने केंद्र से 22 मई की बैठक में “सैद्धांतिक रूप से बनी सहमति” को लागू करने और उस बैठक का आधिकारिक कार्यवृत्त (MoM) सार्वजनिक करने की मांग की है। उस बैठक में लद्दाख के सांसद हाजी हनीफा जान भी मौजूद थे।

सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्रालय के अनुसार अभी लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने में सबसे बड़ी अड़चन सीमित राजस्व संसाधन हैं। इनके चलते क्षेत्र फिलहाल अपना प्रशासनिक खर्च उठाने में सक्षम नहीं है। हालांकि अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था में भविष्य में राजस्व बढ़ने पर राज्य का दर्जा देने पर विचार हो सकता है।

23 जून को एलएबी और केडीए के बंद के दौरान केंद्र पर 22 मई के समझौतों से पीछे हटने का आरोप लगा था। दोनों संगठनों ने इसे “भरोसे की कमी” बताया था।

गौरतलब है कि 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने और जम्मू-कश्मीर के विभाजन के बाद से ही एलएबी और केडीए लगातार लद्दाख के लिए छठी अनुसूची का दर्जा, पूर्ण राज्य का दर्जा, लेह और कारगिल के लिए अलग-अलग लोकसभा सीटें तथा अलग लोक सेवा आयोग के गठन की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

कश्मीर के हालात का आकलन करने नहीं आए हैं: शशि थरूर, विदेश मामलों की समिति के दौरे पर दी सफाई

दैनिक खबरनामा । जम्मू, 22 जून : संसद की विदेश मामलों संबंधी…

कठुआ में कबाड़ डंप में भीषण आग, धुएं के काले गुबार से ढका शहर; 20 झुग्गियां राख, दर्जनों परिवार बेघर

दैनिक खबरनामा। कठुआ, 10 जून:  जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मग्गर खड्ड के…

जम्मू-कश्मीर से पाकिस्तान गए 300 से अधिक लोग सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर, आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने का शक

श्रीनगर 5 जनवरी( दैनिक खबरनामा)जम्मू-कश्मीर से पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK)…

3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, रामबन में तैयारियां अंतिम चरण में; DC ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

दैनिक खबरनामा। जम्मू, 6 जून 2026: पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर…