दैनिक खबरनामा। न्यू चंडीगढ़, 24 नवंबर: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर ओमैक्स न्यू चंडीगढ़ स्थित लेक रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी की ओर से धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोसाइटी परिसर में श्री सुखमणि साहिब का पाठ करवाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धापूर्वक श्री सुखमणि साहिब के पाठ से हुई। इस दौरान पूरे परिसर का वातावरण गुरबाणी और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उपस्थित संगत ने एकाग्रचित होकर पाठ में हिस्सा लिया और गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस धार्मिक समागम में रागी जत्थों ने मधुर गुरबाणी और शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। गुरबाणी के शब्दों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और भक्ति भाव से जोड़ दिया। कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के सभी निवासियों की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे, शांति और खुशहाली के लिए विशेष अरदास भी की गई।
इस अवसर पर लेक रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान सरदार कुलविंदर सिंह ने सभी उपस्थित संगत को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने हमेशा प्रेम, समानता, सेवा, सच्चाई और मानवता के कल्याण का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को एक समान समझने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि आज के समय में गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने व्यवहार और जीवनशैली में अपनाना बेहद जरूरी है। जरूरतमंदों की सहायता करना, मिल-जुलकर रहना, मेहनत की कमाई करना और दूसरों के साथ बांटकर खाना ही गुरु साहिब के बताए मार्ग का मूल संदेश है। उन्होंने सोसाइटी के सभी निवासियों से आपसी सहयोग, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत बनाए रखने की अपील भी की।
धार्मिक कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। इसमें सभी श्रद्धालुओं ने बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। लंगर के आयोजन में सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता देखने को मिली। सोसाइटी के निवासियों ने पूरे श्रद्धाभाव से कार्यक्रम में हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।