दैनिक खबरनामा। मोहाली, 14 जुलाई: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही मोहाली में विकास की गति तेज कर दी गई है। नगर निगम ने शहर और आसपास के इलाकों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के लिए एक साथ 42 विकास कार्यों के टेंडर जारी किए हैं।
निगम का मकसद हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पानी, सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं पर खास ध्यान ग्रीन बेल्ट के सौंदर्यीकरण, नए ट्यूबवेल लगाने और पार्कों के उन्नयन पर रहेगा, ताकि बढ़ती आबादी की जरूरतें पूरी हो सकें और शहर की शक्ल-सूरत भी सुधरे।
टेंडर में शामिल प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं:
– पार्क और हरियाली: फेज-2 और फेज-4 के पार्कों का विकास किया जाएगा। साथ ही सेक्टर-57 और सेक्टर-78 के पार्कों की मरम्मत व रखरखाव होगा। शहर के विभिन्न ग्रीन बेल्टों को भी नया रूप दिया जाएगा।
– औद्योगिक क्षेत्र: औद्योगिक क्षेत्र 1 से 9, साथ ही 8-ए और 8-बी में कर्ब, चैनल और पेवर ब्लॉक बिछाने का काम होगा। इससे यहां की सड़कों और जलनिकासी व्यवस्था में सुधार होगा।
– सड़क सुरक्षा और संपर्क: रोड सेफ्टी से जुड़े उपकरण लगाए जाएंगे, फुटपाथ बनाए जाएंगे। मोहाली पिंड रोड, डिवाइडिंग रोड 8ए/8बी, अजीत लाइट प्वाइंट से चपरचिड़ी मार्ग, चीमा लाइट से स्पाइस लाइट मार्ग और पुरानी अमरटेक्स रोड समेत कई मुख्य सड़कों को विकसित किया जाएगा।
– खेल और भवन: बैडमिंटन कोर्ट, बाउंड्री वॉल का निर्माण और नगर निगम भवन के नवीनीकरण का काम भी टेंडर में शामिल है।
– पेयजल व्यवस्था: संभालकी, कम्बाली, लखनौर, चपरचिरी, बल्लोमाजरा, बलियाली, बलोंगी, लांडरां, ग्रीन एन्क्लेव और रुड़का जैसे गांवों में नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इससे इन क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी।
नगर निगम का कहना है कि इन 42 परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मोहाली की आधारभूत संरचना में बड़ा बदलाव दिखेगा। फोकस एक तरफ शहर को सुंदर और हरा-भरा बनाने पर है तो दूसरी तरफ औद्योगिक इलाकों और गांवों में जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर।
चुनावी साल में जारी किए गए ये टेंडर अब जमीनी स्तर पर कितनी जल्दी पूरे होते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।