दैनिक खबरनामा: नोएडा, 15 जुलाई: फेस-3 थाना क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव में बुधवार को एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गई। इस हादसे में 50 से अधिक परिवार इमारत में फंस गए थे। दम घुटने और झुलसने से दो लोगों की जान चली गई। मृतकों में 26 वर्षीय स्नेहा और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है।
सीढ़ी लगाकर हुआ रेस्क्यू
आग लगते ही इमारत में अफरा-तफरी मच गई। सामने वाली इमारत की छत से सीढ़ी लगाकर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। फायर और स्थानीय लोगों की मदद से 100 से ज्यादा निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे दो संभावनाएं बताई जा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक शॉर्ट सर्किट या तो इलेक्ट्रिक बाइक में हुआ या फिर एसी में खराबी के कारण आग भड़की।
गेट बंद करने को लेकर नाराजगी
फेस-3 पुलिस ने आग लगने के बाद इमारत का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि यह कदम साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया। लेकिन इस फैसले से अंदर फंसे लोगों और उनके परिजनों को परेशानी हुई। लोग अपने कमरों में रखे सामान और नुकसान का जायजा लेने के लिए बार-बार पुलिस से गेट खोलने की मांग करते रहे।
इसी दौरान आरोप लगा कि मृतका स्नेहा के भाई को गेट पर सामान निकालने देने से मना करने पर एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिस के रवैये का विरोध किया।
दुकानदार ने बचाई कई जानें
प्रत्यक्षदर्शी और पास की दुकान चलाने वाले अमन ने सबसे पहले धुआं देखा। उन्होंने तेज आवाज में शोर मचाकर सभी को बाहर निकलने की चेतावनी दी। अमन की सतर्कता से समय रहते कई लोग बाहर आ सके।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत कार्य के दौरान डीसीपी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
लोग कर रहे हैं पलायन
आग से कमरे और सामान जलकर खाक हो गए हैं। कई परिवार अब किराए पर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी में हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम से भी मदद ली जा रही है।