दैनिक खबरनामा। शिमला, 17 जुलाई : एसजेवीएन लिमिटेड की अध्यक्षता में गठित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), शिमला (कार्यालय-2) की छमाही बैठक बुधवार को एसजेवीएन लिमिटेड के परिसर में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) श्री अजय कुमार शर्मा ने की। बैठक में शिमला स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा की गई और भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।
अध्यक्षीय संबोधन में श्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि सभी सदस्य कार्यालय अपने-अपने कार्यालय में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि आगे भी इसी गति को बनाए रखते हुए अधिकतम कामकाज हिंदी में सम्पन्न करने का हर संभव प्रयास किया जाए।
इस बैठक में श्री शर्मा ने नराकास, शिमला (कार्यालय-2) की अध्यक्षता का कार्यभार भारतीय रिजर्व बैंक को सौंपा और नई अध्यक्ष इकाई को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक श्री अनूप किशोर ने कहा कि एसजेवीएन लिमिटेड की अध्यक्षता में कार्यरत नराकास, शिमला (कार्यालय-2) वर्ष 2015 से अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन कर रहा है। समिति समय-समय पर नियमित बैठकें और अन्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित करती रही है,
जिसके लिए एसजेवीएन बधाई का पात्र है। उन्होंने बताया कि संसदीय राजभाषा समिति ने भी एसजेवीएन की अध्यक्षता में गठित नराकास, शिमला (कार्यालय-2) की प्रशंसा की है। बैठक में एसजेवीएन के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) श्री बलजीत सिंह और सदस्य-सचिव, नराकास-2, शिमला श्री आशीष पंत सहित शिमला स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, उपक्रमों तथा बैंकों के 54 वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।