दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 22 जुलाई: सीबीआई चंडीगढ़ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के पटियाला दफ्तर में तैनात प्रवर्तन अधिकारी शुभम त्यागी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी एक ठेकेदार से पीएफ से जुड़े मामले में राहत दिलाने के एवज में पैसे मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार शुभम त्यागी ने पहले तीन लाख रुपये की मांग की थी। सौदेबाजी के बाद यह रकम ढाई लाख रुपये पर तय हुई। तय रकम लेने वह सेक्टर-17 स्थित ईपीएफओ कार्यालय पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए सीबीआई अधिकारियों ने उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
सीबीआई के मुताबिक शिकायतकर्ता पंजाब का एक ठेकेदार है। उसके यहां बड़ी संख्या में मजदूर काम करते हैं। कर्मचारियों के पीएफ को लेकर उसके खिलाफ कुछ शिकायतें दर्ज थीं, जिनकी जांच की जिम्मेदारी शुभम त्यागी के पास थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिकारी जांच के नाम पर उसे लगातार दबाव बना रहा था और कार्रवाई की धमकी दे रहा था। इसके बाद उसने मामला निपटाने के लिए मोटी रिश्वत की मांग रख दी। पीड़ित ने इसकी सूचना सीबीआई को दे दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
सबूत जुटाने के बाद सीबीआई ने शुभम त्यागी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे अब वीरवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के लिए एजेंसी अदालत से रिमांड की मांग भी कर सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में किसी अन्य अधिकारी की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के बैंक खातों और उसकी संपत्तियों की पड़ताल भी शुरू कर दी गई है।