दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 28 जुलाई: पंजाब सरकार ने अनुसूचित जाति के स्नातक युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक साल का मुफ्त स्टेनोग्राफी प्रशिक्षण कोर्स शुरू किया है। सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के लिए है।
इस योजना के तहत कुल 80 सीटें रखी गई हैं। इनमें पंजाबी स्टेनोग्राफी के लिए 40 और अंग्रेजी स्टेनोग्राफी के लिए 40 सीटें तय की गई हैं।
क्या मिलेगा प्रशिक्षण में
मंत्री ने कहा कि कोर्स के दौरान अभ्यर्थियों को स्टेनोग्राफी के साथ-साथ कंप्यूटर टाइपिंग भी सिखाई जाएगी। इससे सरकारी और निजी नौकरियों में उनके चयन की संभावना बढ़ेगी। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने ₹1,500 छात्रवृत्ति, मुफ्त हॉस्टल और अन्य संस्थागत सुविधाएं भी दी जाएंगी।
कैसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 20 अगस्त 2026 तक अंबेडकर इंस्टीट्यूट, सेक्टर-60, फेज-3बी-2, एसएएस नगर, मोहाली में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
योग्यता क्या है
1. आवेदक पंजाब का स्थायी निवासी और SC वर्ग से हो
2. स्नातक पास हो
3. 20 अगस्त 2026 तक उम्र 30 साल से अधिक न हो
4. परिवार की सालाना आय ₹2.50 लाख से कम हो
चयन प्रक्रिया
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि साक्षात्कार और स्टेनोग्राफी दक्षता टेस्ट 27 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन मेरिट के आधार पर होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद कौशल विकास के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।