दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 9 जुलाई: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को धार देने की कवायद तेज कर दी है। केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब पार्टी का अगला फोकस नए प्रदेश प्रभारी की तैनाती पर है।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी बहुत जल्द पंजाब के लिए स्थायी प्रभारी का ऐलान कर सकती है। इस अहम जिम्मेदारी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी और चुनावी मैदान के अनुभवी किसी वरिष्ठ नेता के नाम पर विचार चल रहा है।
पंजाब बीजेपी करीब 13 महीने से प्रभारी के बिना ही कामकाज चला रही है। यह पद पिछले साल 12 जून को उस समय खाली हुआ था जब तत्कालीन प्रदेश प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का एयर इंडिया विमान हादसे में निधन हो गया था। रूपाणी को सितंबर 2022 में पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया था।
पार्टी के एक वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी ने बताया कि बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अगले 10 दिनों के भीतर अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। इसके बाद विभिन्न राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। इसी के तहत पंजाब के नए प्रभारी के नाम पर भी मुहर लगने की उम्मीद है।
पार्टी के दिग्गज नेताओं का कहना है कि विधानसभा चुनाव में अब वक्त कम बचा है। ऐसे में संगठन को एक ऐसे चेहरे की जरूरत है जिसे चुनावी रणनीति बनाने, बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने और प्रदेश के जटिल राजनीतिक समीकरणों की गहरी समझ हो। पंजाब के घटनाक्रम पर अमित शाह खुद नजर रखे हुए हैं और प्रभारी के चयन में उनकी सहमति अंतिम मानी जाएगी।
ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के बाद पार्टी नेतृत्व अब संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना चाहता है। नए प्रभारी की प्राथमिकता संगठन और चुनावी तैयारियों के बीच तालमेल बिठाना होगी।
पिछले महीने दिल्ली में अमित शाह ने पंजाब बीजेपी के कई बड़े नेताओं के साथ मैराथन बैठक की थी। उस चर्चा में 2027 के चुनाव की रूपरेखा पर बात हुई थी। इससे यह साफ संकेत मिला है कि पंजाब में पार्टी की रणनीति और कमान पर शाह की सीधी निगरानी रहेगी।