दैनिक खबरनामा। चंबा, 6 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। भरमौर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली होली तहसील के लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के पास एक कार नियंत्रण खोकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात उस समय हुआ जब हीलिंग से अपने घर लौट रहे दो व्यक्ति ऑल्टो कार में सवार थे। लामू-हीलिंग सड़क पर वाहन अचानक बेकाबू हो गया और करीब 100 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे की खबर मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार उम्र 48 वर्ष और संजू राम उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों विवाहित थे। सुरेश कुमार के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं संजू राम के घर में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज मोड़ और अंधेरे में नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है।