दैनिक खबरनामा । धर्मशाला, 1 जुलाई : धर्मशाला निगम में नए मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव संपन्न हुआ। वार्ड नंबर 2 से पार्षद शमशेर नेहरिया को मेयर पद के लिए चुना गया, जबकि वार्ड 8 की पार्षद प्रेरणा गुलेरिया ने डिप्टी मेयर का दायित्व संभाला। चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा के 11 निर्वाचित पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षद नरेश कुमार भी मिनी सचिवालय में उपस्थित रहे। इस मौके पर धर्मशाला विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा विधायक पवन काजल और जसवां परागपुर विधायक बिक्रम ठाकुर भी मौजूद थे।
भाजपा को मिला स्पष्ट बहुमत
नगर निगम के 17 वार्डों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के खाते में 5 सीटें आईं और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। हालांकि भाजपा बहुमत में थी, मगर उसके तीन पार्षदों पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज होने के चलते कार्रवाई की आशंका बनी हुई थी। कांगड़ा के उपायुक्त ने इस संबंध में जांच रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है।
कई पार्षदों की उम्मीदें टूटीं
मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव के नतीजों ने कई पार्षदों को निराश किया। मेयर और डिप्टी मेयर पद के दावेदार कुछ पार्षद उपायुक्त के समक्ष बैठक में प्रस्तावित नामों की घोषणा से हैरान रह गए। कई अन्य पार्षद भी अपने नाम की घोषणा की प्रतीक्षा में थे, लेकिन पूरी प्रक्रिया पार्टी स्तर पर तय रणनीति के तहत हुई।
बैठक में कांग्रेस का कोई पार्षद शामिल नहीं हुआ। निर्दलीय नरेश कुमार समेत भाजपा के 11 पार्षद और पदेन सदस्य विधायक सुधीर शर्मा को मिलाकर कुल 13 सदस्य चुनाव प्रक्रिया में शामिल रहे।
बैठक से बाहर निकले दाड़ी वार्ड पार्षद
नामांकन के दौरान जब अपेक्षित नाम सामने नहीं आए तो वार्ड 13 दाड़ी के पार्षद स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर बैठक कक्ष से बाहर चले गए। भाजपा के पास पूर्ण बहुमत होने के कारण सर्वसम्मति से मेयर और डिप्टी मेयर का निर्वाचन हो गया। हालांकि एक पार्षद के इस रवैये पर अन्य भाजपा पार्षदों ने आपस में नाराजगी जताई।
शपथ के बाद जश्न और पदभार ग्रहण
शपथ ग्रहण के बाद जश्न का माहौल रहा। नवनिर्वाचित मेयर, डिप्टी मेयर और विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ हनुमान मंदिर में दर्शन किए। कचहरी चौक पर आतिशबाजी भी की गई। विधायक सुधीर शर्मा ने कचहरी में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर जीत की बधाई दी।
शाम साढ़े चार बजे मेयर और डिप्टी मेयर ने विधायक सुधीर शर्मा के साथ समृद्धि भवन स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निगम कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।