वर्क परमिट संकट पर केंद्र से हस्तक्षेप की मांग, विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात का समय मांगा
दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 7 अगस्त 2026. कनाडा में वर्क परमिट संबंधी समस्याओं से जूझ रहे करीब 1500 पंजाबी विद्यार्थियों की चिंता अब पंजाब सरकार ने गंभीरता से उठाई है। एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रभावित विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में पंजाबी विद्यार्थी कनाडा में गंभीर मानसिक, आर्थिक और कानूनी संकट का सामना कर रहे हैं। पंजाब सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर रख रही है और प्रभावित विद्यार्थियों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
विदेश मंत्री से मुलाकात की मांग
एनआरआई मामलों के मंत्री ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र मुलाकात के लिए समय मांगा है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि प्रभावित विद्यार्थियों का मामला कनाडा सरकार के समक्ष कूटनीतिक स्तर पर मजबूती से उठाया जाए, ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके।
लाखों रुपये खर्च कर बेहतर भविष्य का सपना लेकर गए थे विद्यार्थी
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि ये विद्यार्थी हमारे अपने बच्चे हैं। उन्होंने अपने और अपने परिवारों के बेहतर भविष्य की उम्मीद में करीब 20-20 लाख रुपये खर्च कर कनाडा में पढ़ाई की। विद्यार्थियों को दाखिले के समय यह भरोसा दिया गया था कि दो वर्षीय पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वर्क परमिट के लिए पात्र होंगे।
लेकिन अब बड़ी संख्या में वर्क परमिट रद्द होने से विद्यार्थियों के सामने भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई विद्यार्थी आर्थिक दबाव के साथ-साथ मानसिक और कानूनी परेशानियों से भी गुजर रहे हैं।
जरूरत पड़ी तो सामूहिक कानूनी सहायता देगी पंजाब सरकार
एनआरआई मंत्री ने बताया कि कई प्रभावित विद्यार्थियों ने उनसे सीधे संपर्क कर मदद की अपील की है। पंजाब सरकार उनकी चिंताओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुन रही है।
उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थियों ने कनाडा की संघीय अदालत में कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। यदि आवश्यकता पड़ी तो पंजाब सरकार प्रभावित विद्यार्थियों को सामूहिक कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए योग्य अधिवक्ताओं की सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावना पर भी विचार करेगी। इससे विद्यार्थियों पर पड़ने वाले भारी कानूनी खर्च का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।
पंजाबी मूल के कनाडाई सांसदों से भी अपील
डॉ. रवजोत सिंह ने कनाडा में पंजाबी मूल के सांसदों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस मानवीय मुद्दे को कनाडाई सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएं और प्रभावित विद्यार्थियों को राहत दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विदेशों में रह रहे पंजाबियों और पंजाबी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस मामले के समाधान के लिए केंद्र सरकार, कनाडा सरकार और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।