दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 7 अगस्त: शुक्रवार को चंडीगढ़ की सड़कों पर पंजाब सरकार के कर्मचारियों की भारी भीड़ नजर आई। सामूहिक अवकाश लेकर राज्य के विभिन्न विभागों के मुलाजिम, सरकारी स्कूलों के अध्यापक और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में सेक्टर-39 में जमा हुए और एक विशाल महारैली का आयोजन किया।
इस आंदोलन के चलते पंजाब भर के कई सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में काम लगभग बंद रहा। इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ा, जिन्हें जरूरी कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
प्रदर्शनकारी मुख्य रूप से तीन मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं। इनमें पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करना, संविदा और अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना और वेतन में व्याप्त विसंगतियों को दूर करना शामिल है।
भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम सख्त कर दिए। साथ ही शहर के कई मार्गों पर यातायात का रुख बदला गया। ट्रैफिक डायवर्जन की वजह से चंडीगढ़ और आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भी जाम और देरी का सामना करना पड़ा।