दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 10 अगस्त: चंडीगढ़ में होने वाले छात्र संघ चुनाव से पहले इंडियन नेशनल लोकदल ने अपनी छात्र इकाई के जरिए मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को पार्टी ने पंजाब यूनिवर्सिटी और डीएवी कॉलेज के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक कर दिए।
इनेलो की युवा शाखा के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में आईएसओ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में पीयू और शहर के विभिन्न कॉलेजों में प्रस्तावित छात्र संघ चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ।
चर्चा के बाद यह तय किया गया कि आईएसओ इस बार सिर्फ पीयू और डीएवी कॉलेज में ही छात्र संघ चुनाव लड़ेगी। इसी के तहत पदों के लिए नाम भी घोषित किए गए।
विपुल भादू को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से छात्र संघ के उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि अभय संधु को डीएवी कॉलेज से अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा गया है।
बैठक के दौरान अन्य छात्र संगठनों को छोड़कर बड़ी संख्या में युवा छात्र कर्ण चौटाला की मौजूदगी में आईएसओ से जुड़े। सैकड़ों छात्रों के पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
इस मौके पर कर्ण चौटाला ने कहा कि आईएसओ अब छात्रों के मुद्दों को उठाने का एक सशक्त मंच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जब भी आईएसओ ने छात्रों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है, प्रशासन ने उसे गंभीरता से लिया है और समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं।