दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 13 अगस्त: सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही अब चोरी के आरोपों के घेरे में हैं। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल, सेक्टर-38 वेस्ट में तैनात चौकीदार को लाखों रुपये के कबाड़ के गायब होने के मामले में निलंबित कर दिया है।
स्कूल की प्रधानाचार्या पलविंदर कौर ने 7 अगस्त को शिक्षा विभाग को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में कहा गया कि स्कूल परिसर में रखा पुराना सामान चोरी हो गया है। इस शिकायत के साथ स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग भी संलग्न की, जिसमें संदिग्ध गतिविधि कैद थी।
मामले की पड़ताल के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक नितिश सिंगला ने चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निदेशक ने स्पष्ट किया कि पुलिस अब इस मामले की जांच करेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
दरअसल पूरा घटनाक्रम गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-38 से जुड़ा है। कुछ समय पहले अमेरिका से एक प्रतिनिधिमंडल को इस स्कूल का दौरा करना था। परिसर को व्यवस्थित दिखाने के मकसद से स्कूल प्रशासन ने अपना कबाड़ अस्थायी तौर पर सेक्टर-38 वेस्ट स्थित हाई स्कूल में भिजवा दिया था।
अमेरिकी टीम के दौरे के लगभग दो महीने बाद जब सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अपना सामान वापस मंगवाया, तो बड़ा अंतर सामने आया। पहले जितना सामान दो ट्रकों में भेजा गया था, वापस लौटते समय वह केवल एक ट्रक में ही समा सका। यानी आधा कबाड़ गायब मिला।
इसके बाद दोनों स्कूलों के प्रबंधन ने मिलकर विभाग को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि शिफ्टिंग के समय कबाड़ करीब दो ट्रक था, लेकिन वापसी पर उसकी मात्रा घटकर एक ट्रक रह गई।
नितिश सिंगला ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के तथ्यों के आधार पर ही निलंबन का कदम उठाया गया है। अब पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।