दैनिक खबरनामा | 30 अक्टूबर | नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी शनिवार को दोपहर 12 बजे प्रत्याशियों की पहली सूची सार्वजनिक करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी जानकारी दी।
इससे पहले दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर कई घंटे तक चर्चा हुई। बैठक में चुनावी रणनीति और प्रत्याशियों के चयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
आचार संहिता लागू होने से पहले उम्मीदवार उतारने की तैयारी
पार्टी की योजना चुनाव आचार संहिता लागू होने से काफी पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की है। इसके पीछे मकसद प्रत्याशियों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में काम करने और मतदाताओं के बीच पहुंच बनाने के लिए पर्याप्त समय देना है। पार्टी चाहती है कि उम्मीदवार मौजूदा कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों और जनता से जुड़े लंबित मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएं। साथ ही वे पहले से ही जनसंपर्क और चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर सकें।
पहली सूची में करीब 20 नाम आने की चर्चा
हालांकि पार्टी ने पहली सूची में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या स्पष्ट नहीं की है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में करीब 20 नामों की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पहली सूची में उन मौजूदा विधायकों और हलका प्रभारियों को प्राथमिकता मिल सकती है, जिनकी क्षेत्र में पकड़ मजबूत है और जिनके खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी कम है।
वहीं, चर्चा है कि सत्ता विरोधी माहौल से निपटने के लिए AAP अपने 30 से 40 मौजूदा विधायकों के टिकट बदल सकती है। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
PAC की बैठक में लगेगी अंतिम मुहर
उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार सुबह दिल्ली में पार्टी नेतृत्व की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसके बाद राजनीतिक मामलों की सर्वोच्च समिति यानी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक आयोजित की जाएगी। इसी बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बैठक के बाद शनिवार दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस या आधिकारिक विज्ञप्ति के जरिए पार्टी अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी करेगी।