दैनिक खबरनामा | 18 अगस्त | नई दिल्ली: E20 पेट्रोल को लेकर जारी विवाद अब राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का रूप लेने जा रहा है। E20 के विरोध में आवाज उठा रहे तहसीन पूनावाला ने 22 और 23 अगस्त को जंतर-मंतर पर दो दिवसीय आंदोलन और भूख हड़ताल की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
पूनावाला के मुताबिक, टीम भारत की ओर से 22 और 23 अगस्त को जंतर-मंतर पर ‘जनता दरबार’ लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इस विरोध प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अगस्त को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू होगा। इसके अगले दिन यानी 23 अगस्त को सुबह 11 बजे प्रदर्शन के साथ भूख हड़ताल भी की जाएगी। पूनावाला का दावा है कि दोनों दिनों में 5,000 से ज्यादा लोग आंदोलन में शामिल हो सकते हैं, जबकि प्रदर्शनकारियों की संख्या 10,000 तक पहुंचने की संभावना है।
E10 पेट्रोल उपलब्ध कराने की मांग
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है। पूनावाला का कहना है कि ऐसे पुराने वाहन, जिन्हें E20 ईंधन के अनुरूप तैयार नहीं किया गया है, उनके लिए E10 पेट्रोल का विकल्प मौजूद होना चाहिए।
उनका दावा है कि पुराने वाहनों में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज प्रभावित हो सकता है और वाहन के कुछ कंपोनेंट पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है।
E0 पेट्रोल की कीमत घटाने और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग
पूनावाला ने E0 पेट्रोल की कीमत कम करने की मांग भी उठाई है। इसके साथ ही E20 से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज और सूचनाएं सार्वजनिक किए जाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि ईंधन नीति से जुड़े दस्तावेज आम जनता के सामने आने चाहिए, जिससे E20 को लेकर मौजूद सवालों और भ्रम की स्थिति स्पष्ट हो सके।
नितिन गडकरी को हटाने की मांग भी शामिल
E20 के खिलाफ जारी मांगों में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पद से हटाने की मांग भी शामिल की गई है। पूनावाला की ओर से जारी मांग-पत्र में इसे स्पष्ट रूप से जगह दी गई है।
अपने संदेश के अंत में पूनावाला ने ‘चॉइस नहीं तो वोट नहीं’ का नारा भी दिया। इस नारे से यह संकेत मिलता है कि E20 पेट्रोल को लेकर लोगों को पर्याप्त विकल्प नहीं मिलने की स्थिति में इस मुद्दे को चुनावी बहस से जोड़ने की कोशिश की जा सकती है।